नए-नए आयाम
बनाती है,
शिखर पर झंडे
लगाती है,
यह आज की नारी है......
हर जगह
पहुँच जाती है.
सहिष्णुता के
आवरण में
ज्ञान-विज्ञान से,
अन्याय की त्रासदी को
ललकारकर,
आत्मबल के आभूषण से
सुसज्जित,
ईंट-पत्थरों के बीच
कंक्रीट सी.....
कोमलांगिनी की सशक्त
उँगलियों ने,
पकड़ ली है
समय की रफ़्तार,
तकनिकी ज्ञान के
माध्यम से,
खोलती हुई हर द्वार.
सूछ्म कन्धों पर
दायित्व का
जहाज़ लिए,
अडिग पैरों के
संतुलन
और
असीमित भुजाओं के
अनुशासन से,
श्रम का
योगदान कर
परिवार को सींचती,
स्वाभिमान के
गौरव को
सहेजती,संभालती,
यह आज की नारी है.......
इसमें
एक अलग ही
चमक है,
विकास के
हर आँगन में,
अब
चूड़ियों की खनक है.