Wednesday, November 26, 2014

अंजू शर्मा की बहुत ही सुन्दर कविता है 'चालीस साला अौरतें '……उसी से प्रभावित होकर मैनें लिखी है 'अस्सी साला अौरतें '....... 

ये अस्सी साला अौरतें ....... 
तनी हुई गर्दन,
दमकता हुआ ललाट ,
उभरी हुई नसें……और 
संस्कारों के गरिमा की 
ऊर्जा लिये,
आसमान को छूने की 
ताकत रखती हैं .......
समंदर को सोखने की 
हिम्मत रखती हैं……
छुपाये रहती हैं 
कमर के घेरों में,
उँगलियों के पोरों में ,
आँखों के कोरों में,
कहाँ- कहाँ के किस्से 
कहाँ- कहाँ की कहानियाँ ……
हाथी,घोड़ा,ढ़ोल-मंजीरा  
तोता- मैना ,पापड़-बड़ियाँ……
यादों की चकबन्दी में 
बहलाकर 
बैठा लेती हैं ,
हर मौसम को अलग सुर में 
गुनगुनाकर 
सुना देती हैं .......
अंग्रेज़ों के षड्यंत्र की,
आज़ादी के मन्त्र की,
जमींदारी के अंत की,
गाँव में वसंत की ……
अनुभवों के रसास्वादन से 
जिज्ञासा जगाती,
सुनहली-रुपहली तारों से 
चंदोवा सजाती 
मखमल सी हो जाती हैं 
ये अस्सी साला अौरतें ……
रिश्तों की दुसूती पर 
फूल-पत्ती काढ़ती ……
दबा देती हैं 
अकेलेपन के एहसासों को,
जामदानी,जामावार,
जरदोज़ी की 
आलमारी में.......
सुख-दुःख 
आँखों के पानी से 
धो-पोछकर 
सुखा लेती हैं,
चश्मे के शीशे का 
पर्दा 
लगा लेती हैं .......
नये-पुराने रंगों को 
मिला-मिलाकर मुस्कुराती हैं,
ओढ़ती,बिछाती,
सिरहाने रख 
सो जाती हैं ……
हवा का हर रुख 
महसूस करती
एकदम कोमल…… 
या फिर 
चट्टान सी ……
इन्हें 
हल्के से मत लीजियेगा .......
कमज़ोर मत समझियेगा……
छड़ी हाथों की 
कभी भी 
घुमा सकती हैं …… 
उफ़!
ये अस्सी साला अौरतें
दुनिया भी 
झुका सकती हैं…… 
 
 
 
  
 

Wednesday, October 15, 2014

जाड़ों में प्रायः दिख जाते हैं………

जाड़ों में प्रायः
दिख जाते हैं, वृद्ध-दंपत्ति, 
झुकी हुई माँ ,कांपते हुए
पिता.....धूप सेकते हुए.....
कभी 'पार्क'में,कभी
'बालकनी'में,
कभी 'लॉन' में
तो कभी'बरामदों' में.
मोड़-मोड़कर
चढ़ाये हुए 'आस्तीन'
और
खींच-खींचकर
लगाये हुए'पिन' में
दिख जाता है.......वर्षों से
विदेशों में बसे,
उनके धनाढ्य बाल-बच्चों का
भेजा हुआ
बेहिसाब प्यार.
ऊल-जलूल ,पुराने,शरीर से
कई गुना बड़े-बेढंगे
कपड़ों का
दुःखद सामंजस्य,
सुदूर........किसी देश में
सम्पन्नता की
परतों में
लिपटी हुई नस्ल को,
धिक्कारती.......
ठंढ से निश्चय ही बचा लेती है,
इस पीढ़ी की सामर्थ्य को
संभाल लेती है........लेकिन
कृतघ्नता  के आघात की
वेदना का
क्या......
आपसे अनुरोध है......
इतना ज़रूर कीजियेगा,
कभी किसी देश में
मिल जाये वो नस्ल......तो
इंसानियत का,
कम-से कम एक पर्चा,
ज़रूर
पढ़ा दीजियेगा.......... 

Thursday, September 4, 2014

घर में शादी -ब्याह हो .........

घर में शादी -ब्याह हो ,मुंडन हो , जन्मोत्सव हो या कोई भी शुभ अवसर हो ,हलवाई के  बैठते ही पूरे 
घर का माहौल गमगमाने लगता है ,रौनक एकदम चरम सीमा पर पहुँच जाती है  . लोग-बाग अकेले ,दुकेले ,सपरिवार आते रहते हैं ,खाते-पीते ,हँसते-गाते ,मौज-मस्ती करते हैं…… न प्लेटों की गिनती न मेहमानों की लेकिन …… ये 'पर -प्लेट' वाली संस्कृति बड़ी बेरहम होती है  . मेहमानों की सूची में लगातार कतर-ब्योंत करती रहती है और अंतत: कितनों का नाम खारिज कर देती है  . बेचारी 'पर-प्लेट' कितनी मजबूर होती है  ……. अपनों को भी गैर बना देती है  ……. 

Sunday, August 31, 2014

हिन्दी साहित्य के जाने -माने रचनाकार........

हिन्दी साहित्य के जाने -माने रचनाकार श्री गंगा प्रसाद विमल ने , अपने अमूल्य शब्दों से मेरी छठवीं कविता-संग्रह 'धड़कनों की तर्ज़ुमानी ' की समीक्षा  की है  . ये मेरा सौभाग्य है और मैं ह्रदय से उनकी आभारी हूँ …….  

'धड़कनों की तर्ज़ुमानी ' मृदुला प्रधान की इधर कुछ वर्षों की लिखी कविताओं का संकलन है  . उनके पहले संग्रह की कविताओं ने यह उम्मीद बनाई थी कि जिस सहजता से वे अपने पहले संग्रह में छविमान हुई हैं उसी सहजता के नये प्रयोग आगे आनेवाली कविताओं का आधार बनेंगे और वे अपनी अलग जगह बनाने के लिये सक्रीय नज़र आयेंगी  . इसमें संदेह नहीं कि उन्होंने ,अपनी सहजता कायम रखी है और भारतीय स्त्री के स्वभाव की तर्ज़ुमानी कुछ इस ढंग से की है कि आस्था विश्वास और भावानुभावों की तीव्रता तो बरकरार है ,साथ-ही -साथ सांकेतिक रूप से परिवार ,समाज ,संगी -साथी ,मिले-बिछुड़े परिजन और परिचित जनों का भरा-पूरा संसार भी अपने ही ढंग से उपस्थित है  और यह हम सबका अति परिचित संसार या परिवार है जो समय के अनाम पड़ावों से अपने विकसन की दिशा की ओर अग्रसर है  . इसी भौतिक उपस्थिति में हम इसे अपना समाज कहते हैं भले ही उसका वर्गीकरण कहते हुए हम उसके विभाजन के लिए गाँव ,कस्बों ,शहरों के नाम से उसे चीन्हते हैं ,हम उसे वर्गों में देखते हैं पर पहचानते उसके समूचेपन में हैं  . आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि कविता की खासतौर से हिन्दी कविता की लम्बी परंपरा में हम उसे अपने विश्वास के घेरे में पाते हैं और हमारा विश्वास भी न जाने कैसे उन्हीं मान्यताओं की चौहद्दी में से चलता हुआ हमें फिर से आद्दय सवालों के सामने ला खड़ा करता है  . 
                                                        मृदुला जी की कवितायेँ एक प्रौढ़ कलम के अनुभव हैं किन्तु उनमें बराबर एक अबोध शिशु जैसे उस सत्य को टोहने के लिए बेचैन है जिसके सामने सारा इतिहास बड़े गुम्बद की तरह दर्शनीय ,रहस्यमय और आकर्षक है  . 'स्त्री 'होने के नाते उन्होंने अपनी उस मृदुलता को छिपाया नहीं है बल्कि एक बड़े प्रश्न को हल करने के लिए जिस स्पष्टता ,सत्यनिष्ठा और साहस की ज़रुरत थी उसे बराबर अभिव्यक्ति की दहलीज पर हर परीक्षा के सामने गुजरने दिया और उसके 'देवत्व 'को मानवीय जरुरत में नैसर्गिक ढंग से तब्दील होने दिया और इसका प्रमाण उनकी भाषा है जो हिन्दी -उर्दू की पुख्ता जमीन से हिंदुस्तानी या हिन्दवी की तर्ज पर आम बोल-चाल से जन्मती है और इसी बोल -चाल में परम्परा  से अपने को जोड़े रखने की चाह का प्रतिफल उनकी सरस्वती वंदना है जिसका आशय खुद को उस समाज से बाँधे रखना है जहाँ प्रकृति की आबद्धता वह अनिवार्य शर्त सी है ,जिससे हम लोक का अविविछिन्न अंग बने रहते हैं और अन्तर्धाराओं में अपने खेत -खलिहानों ,नीम ,पीपल ,बरगदों की छाँव से मिलने वाले  'रसायन' से परिचालित होते रहते हैं  . यह 'रसायन' एकदम उस 'केमेस्ट्री 'का हिस्सा है जिसमें हम एक साथ 'देह ' कहते हैं और उसी तर्ज में 'देवत्व ' का संरक्षण भी करते हैं  . मृदुला जी की कविताओं का यही केन्द्रीय विषय है जिसे हम अपने अतीत में अनेक सृजेताओं की वाणी में रूपायित देखते हैं और देखते हैं कि उसी में हमारा आलौकिक अहसास भी संरक्षित है  . उसे वाणी बुल्लेशाह ने भी दी थी -
    "मंदिर ढाईं ,मसजिद ढाईं
     ढाईं जे कुछ ढ़हदां 
     दिलबर दा दिल कदी न ढाईं 
     ओये विच रब रैन्दां "
मृदुला जी ने उसके आधानुभव को वाणी दी है -
      "कलियों ने 
       शोर मचाया है 
       नये फूल की 
       आहट सुन 
       हर तरफ़ 
       उमंग समाया है "
पर इतना ही नहीं मृदुला जी ने बहुत सहज ढंग से ,करीने से उस रसायन की परत -परत खोल एक साथ यह भी उद्घाटित किया है कि देह के भीतर ही दिव्यता की अदेहता का निवास है  . 
आज हम जिस सवाल से लड़ रहे हैं -हमारा समाज ,हमारी परम्पराएँ जिस आग से झुलस रही हैं वह असंस्कारित पशुत्व असल में राग ,अनुराग के कणों से विराग में विकसित होते नये मनुष्य की विलुप्ति के कारण हैं और उससे फिर जुड़ने -मनुष्यता के सद्रूप संसार से एकमेक होने का द्वार अगर कहीं है तो वह आद्य भाव है जो हर चीज को अनुराग के विगसन के आलोक में ले जाता है  . करुणा से अनुराग के रास्ते उपजी कवितायें शास्त्र नहीं होतीं न मानविकी न मनोविज्ञान पर वे संकेतिकाएँ होती हैं जो लौह दरवाज़ों में भी ज्यादा कट्टरताओं ,थोड़े में सही ,बहुत महीन आवाज़ में अन्तरिक्ष के विशाल सूनेपन के सामने अनुगुंजित कर देती है उसी की अनुगूँज मृदुला जी की कविताओं में झंकृत है  . आईये उसके मूल आशयों में अपने संसार के आहत ,विक्षिप्त चेहरे को सकून के संसार से मिलने दें  . 
                                                                                                                                 - गंगा प्रसाद विमल 

11 2 ,साऊथ पार्क 
कालका जी                                                         
नई दिल्ली -1 1 0 0 1 9 

Friday, August 29, 2014

कभी घड़ी की ओर……

कभी घड़ी की ओर 
बिना देखे 
सो जाऊँ,दिल 
करता है……पर
दिमाग की घड़ी  
जोर से 
टिक-टिक 
करने लगती है.……. 
और पकड़ कर बाँह  
खींच 
मजबूती से,
बैठा देती है …….  

Wednesday, August 20, 2014

' धड़कनों की तर्ज़ुमानी  ' मेरी छठवीं कविता-संग्रह है ……और इस खुशी को आप सबों के साथ बाँट रही हूँ ,यह सोचकर कि.……. और बढ़ेगी.......  
मैं ह्रदय से आभारी हूँ ,हिंदी साहित्य के जाने-माने रचनाकार श्री गंगा प्रसाद विमल का.…… कि उन्होंने 'पुरोवाक' के रूप में ,अपने अमूल्य शब्दों के खजाने से इस कविता-संग्रह को गौरवान्वित कर दिया है ……… 



Inline image 1

Sunday, July 27, 2014

कारगिल से जुड़ी ये घटना याद आ गयी ……

कारगिल से जुड़ी ये घटना याद आ गयी ……लड़ाई एकदम घमासान चल रही थी . शाम में दिल्ली के  विलिंगटन हॉस्पिटल से  एक डॉक्टर साहब का फोन आया ,मेरे पति से बात करना चाह रहे थे . मेरे यह कहने पर कि इस समय वो घर पर नहीं हैं बेहद परेशान लगे सो मैं पूछ बैठी -'कोई खास बात है क्या ?' वे बोले- उनका भाई कारगिल में है ,कभी भी  कोई खबर आ सकती है ….  लेकिन उसके घर का फोन खड़ाब है. किसी भी तरह फोन ठीक करा दें यही रिक्वेस्ट करने के लिये फोन किया था क्योंकि आपके पति टेलेफोन विभाग में हैं …… मैं बोली आपका काम तो ज़रूर ही हो जाता लेकिन वे सरकारी काम के सिलसिले में विदेश गये हुए हैं . मन भाव-विह्वल  हो रहा था ,सोची कुछ तो करना ही है ,उनसे बोली -मैं अपनी ओर से कोशिश करके देखती हूँ . फोन रखने के बाद ,जहाँ तक मुझे याद है रात के 8-9 बजे होंगे ,टेलीफोन विभाग के एक-दो लोगों को फोन की और सारी  बातें बताकर आग्रह की…….  कि डॉक्टर साहब के भाई का फोन ,यथासंभव जल्दी ठीक करा दें ……सुबह-सुबह डॉक्टर साहब का फोन आया, धन्यवाद देते हुये बोले -भाई से बात भी हो गई……. और मैं इतनी खुश कि क्या बताऊँ ? इन खुशियों की न तो कोई कीमत होती है न ही इनका वर्णन किया जा सकता है……